कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन के शानदार शतकों के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम ने बुधवार (17 जून) को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में अफगानिस्तान को जीत के लिए 403 रनों का लक्ष्य दिया। इस मैच में गिल ने अपनी बल्लेबाजी से तो सभी का ध्यान खींचा ही लेकिन साथ ही एक और चीज़ थी जिसे देखकर फैंस थोड़े से कंफ्यूज़ दिखे।
दरअसल, गिल इस मैच में अपने गले में एक सफ़ेद कपड़ा बांधकर खेल रहे थे जिसे देखकर फैंस ये जानना चाहते थे कि गिल ने ये क्यों पहना था? वैसे, गिल ने जो चीज़ पहनी थी, वो कोई फ़ैशन एक्सेसरी या मेडिकल सपोर्ट नहीं थी। ये बर्फ़ में भिगोया हुआ कूलिंग टॉवल था, जिसका इस्तेमाल क्रिकेटर और मैच ऑफिशियल्स बहुत ज़्यादा गर्मी में करते हैं।
इस मैच के दौरान लखनऊ में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास था और हवा भी बहुत कम चल रही थी, जिससे खिलाड़ियों को मैच के दौरान भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। यही कारण था कि मैच के बीच में कई बार ड्रिंक्स ब्रेक भी लिए गए और कप्तान गिल तो इस भीषण गर्मी से बचने के लिए गले में ही कूलिंग टावल लपेट के खेलते दिखे। अगर आप कूलिंग टावल के बारे में नहीं जानते हैं तो बता दें कि इन्हें ठंडे पानी या बर्फ़ में भिगोकर गले के चारों ओर लपेटा जाता है, जहां शरीर की मुख्य रक्त वाहिकाएं त्वचा के पास होती हैं।