महिला प्रीमियर लीग 2024 के पहले मैच में डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज़ किया है। इस मैच में मुंबई को आखिरी गेंद पर जीतने के लिए 5 रन चाहिए थे और आखिरी गेंद पर नई बल्लेबाज़ और अपना डेब्यू मैच खेल रही सजीवन सजना थीं। सजना ने इस आखिरी गेंद पर छक्का लगाते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी।
आखिरी गेंद पर छक्का लगाने वाली सजना एक गेंद खेलने के बाद ही लाइमलाइट में आ गई हैं और हर कोई उनके बारे में जानना चाहता है। तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर कौन है ये लड़की, जिसने अपने डब्ल्यूपीएल डेब्यू पर ही महफिल लूट ली।
सजीवन सजना का जन्म 4 जनवरी 1995 को केरल के वायनाड में मननथवाड़ी में हुआ। मज़े की बात ये है कि 29 साल की सजना ने अभी तक एक भी फर्स्ट क्लास मैच नहीं खेला है और यहां तक कि भारत के लिए भी वो अभी तक नहीं खेली हैं लेकिन मुंबई इंडियंस की टीम ने उनकी ऑलराउंड क्षमता को देखते हुए उन्हें इस सीजन के लिए अपनी टीम में खरीदा और पहले ही मैच में उन्होंने दिखा दिया कि वो क्या करने का दमखम रखती हैं।