IND-W vs NED-W: स्मृति और शेफाली के बल्ले से बरसे रन, भारत ने नीदरलैंड को दिया 210 रन का विशाल लक्ष्य
ICC Women's T20 World Cup 2026, India Women vs Netherlands Women: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तूफानी शुरुआत देकर इस स्कोर की नींव रखी।
लीड्स…
ICC Women's T20 World Cup 2026, India Women vs Netherlands Women: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तूफानी शुरुआत देकर इस स्कोर की नींव रखी।
लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार (17 जून) को खेले जा रहे आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें लीग मुकाबले में नीदरलैंड की कप्तान बाबेट डे लीडे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि उनका यह फैसला भारतीय ओपनरों के सामने ज्यादा असरदार साबित नहीं हुआ।
भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 71 गेंदों में 115 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
शेफाली वर्मा ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 55 रन बनाए। वहीं दूसरे छोर पर स्मृति मंधाना ने भी शानदार लय में बल्लेबाजी की और 47 गेंदों में 74 रन की बेहतरीन पारी खेली। स्मृति के बल्ले से 11 चौके और 1 छक्का निकला, जिससे भारत की रन गति लगातार ऊंची बनी रही।
इसके अलावा आखिरी ओवरों में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने एक बार फिर फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई। उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में 20 रन बनाकर भारत के स्कोर में तेजी से रन जोड़े और टीम को 200 रन के आंकड़े के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस तरह भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। नीदरलैंड की ओर से गेंदबाजी में कैरोलाइन डे लांगे ने 2 विकेट हासिल किए। उनके अलावा आइरिस ज़्विलिंग, मर्थे वैन डेर राड और हीदर सीगर्स को 1-1 विकेट मिला।
टीमें इस मैच के लिए
भारत महिला (प्लेइंग XI): शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), यास्तिका भाटिया, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
नीदरलैंड महिला (प्लेइंग XI): स्टेरे कालिस, फीबे मोल्केनबोअर, बाबेट डे लीडे (विकेटकीपर/कप्तान), रोबिन राइके, आइरिस ज़्विलिंग, मर्थे वैन डेर राड, हीदर सीगर्स, फ्रेडरिक ओवरडाइक, कैरोलाइन डे लांगे, सिल्वर सीगर्स, इसाबेल वोनिंग।