17 जुलाई को सर गारफील्ड सोबर्स (Sir Garfield Sobers) का निधन हुआ अपने 90वें जन्मदिन से सिर्फ 11 दिन पहले। 29 जुलाई को बारबाडोस में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया। बारबाडोस में उस दिन राष्ट्रीय शोक था ताकि देश अपने सबसे महान सपूत में से एक को आख़िरी विदाई दे सके।
उनके अंतिम संस्कार का आयोजन उसी केंसिंग्टन ओवल स्टेडियम में हुआ जहां पवेलियन उनके नाम का है। पूरे बारबाडोस में राष्ट्रीय ध्वज झुके रहे। अंतिम संस्कार से दो दिन पहले उनके पार्थिव शरीर को लोगों के अंतिम दर्शन एक-एक दिन संसद भवन और फिर केंसिंग्टन ओवल में रखा, जहां हजारों लोगों ने अपने महान क्रिकेट नायक को श्रद्धांजलि दी।
करीब 2.80 लाख की आबादी है इस छोटे से द्वीपीय देश बारबाडोस की पर यहां अपने खिलाड़ियों और कलाकारों के योगदान को बड़ा सम्मान देते हैं। सोबर्स के अंतिम संस्कार के लिए स्टेडियम में एंट्री टिकट से थी, जो मुफ्त दिए। उनका ताबूत बारबाडोस के राष्ट्रीय ध्वज से लिपटा था। जब संसद भवन से तोपगाड़ी (गन कैरिज) पर उनकी आख़िरी यात्रा शुरू हुई तो सड़कों पर हजारों लोगों ने किनारे खड़े होकर अपने हीरो को विदा किया। केंसिंग्टन ओवल में क्रिकेटरों ने बैट ऊपर उठा, गार्ड ऑफ ऑनर दिया। बाद में उन्हें कोरल रिज मेमोरियल गार्डन्स में दफना दिया।