VVS Laxman and Rahul Dravid: ईडन गार्डन्स में टेस्ट के चौथे दिन (14 मार्च 2001) लक्ष्मण-द्रविड़ की मशहूर और शानदार 376 रन की पार्टनरशिप को 25 साल पूरे होने पर. पिछले दिनों याद किया गया। इस पार्टनरशिप की बदौलत भारत ने 171 रन से टेस्ट जीता और वह भी स्टीव वॉ की 'अपराजित' ऑस्ट्रेलियाई टीम के सामने 'फॉलोऑन' खेलने के बाद। ये सब किसी परी-कथा जैसा था और हालत ये हो गई कि स्टीव वॉ आज भी अपने उस 'फॉलो-ऑन' के फ़ैसले का अफ़सोस मनाते हैं।
सच तो ये कि भारत को सपोर्ट करने वालों ने भी ये नहीं सोचा था कि ऐसी ज़बरदस्त पार्टनरशिप होगी (जो लगभग दो दिन चली और 6वें विकेट के लिए) वीवीएस लक्ष्मण (उनके 281 को विजडन ने टेस्ट क्रिकेट की टॉप 10 पारियों में से एक गिना) और राहुल द्रविड़ (180 रन बनाते हुए ऐसा कमाल का सपोर्ट दिया जिसे बल्लेबाज़ी के सबसे बेहतरीन प्रदर्शन में से एक गिनते हैं) के बीच। इस पार्टनरशिप ने, इस टेस्ट को, अब तक खेले सबसे बेमिसाल टेस्ट में से एक बना दिया। भारत 'फॉलो-ऑन' के बाद भी टेस्ट जीतने वाली सिर्फ तीसरी टीम बना और 'फॉलो-ऑन' के बाद सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड बना।
भारत के कप्तान सौरव गांगुली बिल्कुल ठीक कहते हैं, 'मैं इससे महान किसी भी टेस्ट में शामिल नहीं रहा हूं। मुझे नहीं मालूम कि किस फार्मूले से ये टेस्ट जीते क्योंकि मैंने कुछ भी नहीं किया। ये तो बस हो गया।' दूसरी पारी में भारत ने 657/7 का स्कोर बनाकर हैरान कर दिया और 383 रन की लीड ने ऑस्ट्रेलिया पर ऐसा दबाव डाल दिया कि वे पूरी तरह से टूट गए। युवा स्पिनर हरभजन सिंह ने 6 विकेट लिए, जबकि सचिन तेंदुलकर ने तीन विकेट चटकाए और एक इतिहास रच दिया।