इतवार 7 जून को लंदन का मशहूर वाटरलू ब्रिज (Waterloo Bridge), इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने क्रिकेट के रंग में रंग दिया था। ब्रिज पर एक ख़ास इवेंट का आयोजन किया, पूरे ब्रिटेन और पूरी दुनिया को ये बताने कि महिला टी20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड में खेल रहे हैं। उस दिन, बेहद ट्रेफिक वाले इस ब्रिज को एक क्रिकेट पिच में बदल दिया था। 12 हिस्सा ले रही टीम के कप्तान इस इवेंट और शूट आउट में मौजूद थीं। वहां इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने सही उम्मीद जाहिर की कि ये वर्ल्ड कप भविष्य के सितारों की नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा और एक नई विरासत बनाएगा।
बड़ा मशहूर है लंदन का वाटरलू ब्रिज जो थेम्स नदी पर ट्रेफिक और पैदल चलने वालों के लिए है। इससे पूर्व में अगर सेंट पॉल्स और शहर नजर आते हैं तो पश्चिम में बिग बेन और पार्लियामेंट दिखते हैं। ब्रिज 1815 में बना पर मौजूदा ब्रिज को दूसरे वर्ल्ड वॉर (1939–1945) के दौरान महिलाओं ने बनाया था। इस ब्रिज से जुड़े, लंदन के बारे में कई गाने और किस्से हैं। भारत की पहली महिला वर्ल्ड कप जीतने वाली कप्तान हरमनप्रीत, इस मशहूर वाटरलू ब्रिज पर सेल्फी के लिए फैंस के बीच सबसे घिरी रहीं और भीड़ में हर कोई उनके साथ सेल्फी लेना चाहता था। भीड़ देख यूं लग रहा था कि इवेंट भारत में हो रहा है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप 12 जून शाम को शुरू होगा, मेज़बान इंग्लैंड के ग्रुप 2 में श्रीलंका के विरुद्ध एजबेस्टन में मैच के साथ। टूर्नामेंट के मैच लंदन, बर्मिंघम, मैनचेस्टर, लीड्स, ब्रिस्टल और साउथैम्प्टन में खेले जाएंगे।
6 बार की वर्ल्ड कप विजेता ऑस्ट्रेलिया इस बार भी टाइटल जीतने की फेवरेट टीमों में से एक है। मौजूदा विजेता न्यूजीलैंड हैं जो दो साल पहले दुबई में जीते थे। सबसे अनुभवी और मशहूर कप्तान में से एक हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत, इतवार 14 जून को भारतीय समय के अनुसार शाम 7:00 बजे एजबेस्टन में अपने चर्चित प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के विरुद्ध मैच से अपने मुकाबले की शुरुआत करेगा।
इसे अब तक का सबसे बड़ा महिला टी20 वर्ल्ड कप कहा जा रहा है। रिकॉर्ड 12 टीम खेल रही हैं, जिनमें नीदरलैंड्स और स्कॉटलैंड, एसोसिएट सदस्य देशों से हैं। अब तक 2 लाख से ज़्यादा टिकट बिक चुके हैं और पिछले किसी भी आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतने टिकट नहीं बिके थे। उम्मीद तो ये है कि यह टूर्नामेंट न सिर्फ रिकॉर्ड तोड़ेगा, महिला खेलों के लिए एक नया बेंचमार्क सेट करेगा। इस महिला टी20 वर्ल्ड कप की बदौलत, 2026 को महिला क्रिकेट के लिए अब तक का सबसे बड़ा साल बनाने की कोशिश है।
आईसीसी को तो उम्मीद है कि FIFA वर्ल्ड कप 2026 के साथ सीधी टक्कर के बावजूद 2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप की पहुंच और लोकप्रियता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप: 12 जून से 5 जुलाई तक