रोहतक की 58 वर्षीय बिमला बनवाला 'दिल्ली हाफ मैराथन' में हिस्सा लेने जा रही हैं। बिमला ने साल 2020 में कोरोना महामारी के दौरान दौड़ना शुरू था, जिसके बाद से 100 से ज्यादा रेस पूरी कर चुकी हैं।
बिमला ने खुद को फिट रखने के इरादे से दौड़ना शुरू किया था, लेकिन इसके बाद यह एक जुनून में बदल गया, उन्होंने 50 से ज्यादा हाफ मैराथन, 5 फुल मैराथन, 10 किलोमीटर और कई दूसरी लंबी दूरी की रेस पूरी की हैं। अब बिमला प्रतिवर्ष करीब 10 इवेंट्स में हिस्सा लेती हैं। बिमला सिर्फ दौड़ की संख्या बढ़ाने के लिए ही नहीं दौड़तीं, वह इसलिए दौड़ती हैं, क्योंकि उन्हें यह पसंद है।
बिमला कहती हैं, "मैंने साल 2020 में दौड़ना शुरू किया था, तब से यह मेरी जिंदगी का एक बहुत अहम हिस्सा बन गया है। मुझे मैराथन रेस में दौड़ना पसंद है। दौड़ने के बाद मुझे अच्छा लगता है। इससे सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और मेरा मन तरोताजा रहता है।"