अंडर 14 राष्ट्रीय फुटबॉल टीम: बिहार के सीवान जिले के मैरवा में खेतों के बीच बने मैदान में 16 वर्षीय श्रुति कुमारी के साथ कई लड़कियां फुटबॉल के साथ आगे-पीछे दौड़ रही हैं। कभी लड़कियां फुटबॉल को किक मार रही हैं तो दो लड़कियां बारी-बारी से गोल पोस्ट के अंदर फुटबॉल को जाने से रोक रही हैं। कुछ ही दूरी पर बेस बॉल के साथ लडकियां मैदान पर पसीना बहा रही हैं।
खेल के क्षेत्र में कुछ कर गुजरने के तमन्ना लिए ये निर्धन परिवार की बेटियां सुबह और शाम इसी खेल मैदान में प्रैक्टिस करती हैं। यहां प्रतिदिन करीब 90 से 100 लडकियां आती हैं और अपने सपने को पूरा करने में जुटी हैं।
पटना से करीब 150 किलोमीटर दूर सीवान के मैरवा में रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्टस एकेडमी इन ग्रामीण लड़कियों को न केवल सपना दिखा रहा है बल्कि उनके सपनों को पूरा भी करा रहा है। 2009 से प्रारंभ इस एकेडमी ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी दिए। यहां से निकली कई लडकियों को आज खेल कोटे से सरकारी नौकरी भी मिल गई है।