भारतीय स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को चाइना मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। उन्होंने फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव को 21-17, 22-24, 21-9 से हराया।
चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने दूसरा गेम गंवाने के बाद अच्छी वापसी की और निर्णायक गेम में दबदबा बनाते हुए फ्रांस भाइयों पर आसान जीत हासिल की। सात्विक और चिराग ने मैच में कुल 64 अंक हासिल किए, जबकि पोपोव भाइयों को 50 अंक मिले। भारतीय जोड़ी ने 9 गेम प्वाइंट भी जीते, जबकि क्रिस्टो-टोमा की जोड़ी केवल दो ही प्वाइंट जीत सकी।
शुरुआती गेम में कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन सात्विक और चिराग ने धीरे-धीरे खेल पर नियंत्रण बना लिया और अंत में संयम बनाए रखते हुए 21-17 से जीत हासिल की। पोपोव भाइयों ने दूसरे गेम में जोरदार वापसी की। फ्रांस की जोड़ी ने सात्विक-चिराग को कड़ी टक्कर दी और मुकाबला रोमांचक बना दिया। उन्होंने दबाव का सामना करते हुए बढ़त बनाई और 24-22 से जीत हासिल कर मैच को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया।