'फिट इंडिया-संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम के 89वें संस्करण का आयोजन मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में किया गया। इस इवेंट में बड़ी संख्या में युवाओं के साथ-साथ बड़े आयु वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया। युवाओं के हौसलाअफजाई के लिए मोनिका भोला, मोनिका शर्मा और अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच संजय सिंह उपस्थित थे।
50 घंटे तक लगातार डांस कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने वाली मोनिका भोला ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मुझे फिट इंडिया-संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम के 89वें संस्करण में हिस्सा लेकर बहुत अच्छा लग रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए इस फिटनेस कार्यक्रम से हम युवाओं को प्रेरणा मिलती है। इस कार्यक्रम से ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जुड़ना चाहिए।"
फिट इंडिया एंबेसडर और मशहूर योग प्रशिक्षक मोनिका शर्मा ने कहा, "मैं इस कार्यक्रम के लिए सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद देना चाहती हूं। पीएम के द्वारा शुरू किया गया, यह बहु़त बड़ा अभियान है। फिट इंडिया अभियान देश के हर राज्य के हर जिले में चलाया जा रहा है, जिसमें युवा बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।"