प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 'खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम' के तहत देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान पीएम ने युवाओं को खेलों से जुड़ने, फिटनेस को प्राथमिकता देने और 'खेलो इंडिया अभियान' का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया। झारखंड में भी युवाओं और खिलाड़ियों में इस कार्यक्रम को लेकर शानदार उत्साह देखने को मिला।
धनबाद के एसएसएलएनटी महिला कॉलेज में 'खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम' को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कॉलेज की सैकड़ों छात्राओं ने प्रधानमंत्री मोदी के देश के युवाओं और जेनजी के साथ हुए सीधे संवाद को गौर से सुना। इस दौरान धनबाद के विधायक राज सिन्हा, कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शर्मिला रानी समेत महाविद्यालय प्रशासन भी मौजूद रहा। प्रधानमंत्री के खेल और युवाओं को लेकर दिए गए संदेश ने छात्राओं में नया उत्साह भर दिया।
एसएसएलएनटी महिला कॉलेज के सभागार में आयोजित 'खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम' में छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को छात्राओं ने बड़ी गंभीरता से सुना। कई छात्राएं पीएम मोदी के वक्तव्यों को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करती और उनकी तस्वीरें लेती भी नजर आईं।