प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 'खेलो इंडिया डायलॉग' के तहत देशभर के युवा एथलीट्स से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनके नाम से उनके राज्य और शहर की पहचान बनती है। उन्होंने सभी को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
प्रधानमंत्री के संवाद का सीधा प्रसारण शहडोल स्थित 'पंडित शम्भूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय' के परिसर में किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ कुलगुरु डॉ. राम शंकर, प्रोफेसर और कर्मचारी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री के संवाद को लेकर विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने इसे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणादायक बताया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राम शंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री का युवा खिलाड़ियों से संवाद एक महत्वपूर्ण पहल है। समाज में लंबे समय से यह धारणा रही है कि पढ़ाई ही सफलता का माध्यम है, जबकि खेल भी व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।