लंदन स्क्वैश क्लासिक में भारत की अनाहत सिंह और रमित टंडन ने जीत के साथ शुरुआत की। दोनों ने सीधे गेम में जीत हासिल करते हुए पीएसए गोल्ड टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जबकि वीर चोटरानी बुधवार को शुरुआती दौर में ही बाहर हो गए।
महिलाओं की वर्ल्ड नंबर 20 और मौजूदा जूनियर वर्ल्ड चैंपियन अनाहत ने दिन का सबसे शानदार भारतीय प्रदर्शन किया। उन्होंने वर्ल्ड नंबर 30 खिलाड़ी मिस्र की मरियम मेटवाली को 11-3, 11-2 से मात दी। इस जीत के लिए उन्हें सिर्फ 11 मिनट का समय लगा।
इस भारतीय टीनएजर ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी और मेटवाली को मैच में जमने का ज्यादा मौका नहीं दिया। पहला गेम तेजी से जीतने के बाद, अनाहत ने दूसरे गेम में भी अपना दबदबा बनाए रखा और 1,44,000 अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाले पीएसए गोल्ड इवेंट के अगले दौर में अपनी जगह सुनिश्चित की। उनकी अगली चुनौती काफी मुश्किल होगी, क्योंकि गुरुवार को होने वाले प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका सामना बेल्जियम की वर्ल्ड नंबर 11 नेले गिलिस से होगा।