जोस मैनुअल लोपेज के दो गोल से पाल्मेरास ने वास्को डा गामा को 4-1 से हराया। इस जीत के साथ टीम ने ब्राजील के सीरी-ए में टॉप पर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है।
लोपेज ने 47वें मिनट में पाल्मेरास की ओर से पहला गोल किया। इसके बाद विटोर रोके ने पेनल्टी पर टीम की ओर से दूसरा गोल किया। वहीं, एक घंटे के अंदर ही मौरिसियो ने पाल्मेरास की तरफ से तीसरा गोल करते हुए वास्को डा गामा की टीम को बैकफुट पर ढकेल दिया। अर्जेंटीना के इंटरनेशनल स्ट्राइकर लोपेज ने मैच खत्म होने से ठीक एक मिनट पहले पाल्मेरास की तरफ से चौथा और मैच में अपना दूसरा गोल दागा।
इसके बाद फाकुंडो कोलिडियो ने आखिरी मिनट में वास्को के लिए एक गोल करके अंतर को कम करने की मामूली कोशिश की। इस जीत के बाद पाल्मेरास के 51 प्वाइंट हो गए हैं। वह दूसरे नंबर पर मौजूद फ्लेमेंगो से 6 प्वाइंट आगे है। हालांकि, फ्लेमेंगो का एक मैच बाकी है। वहीं, वास्को 22 प्वाइंट के साथ 20 टीमों में 19वें नंबर पर है।