तेलंगाना के विकाराबाद स्थित वूटी गोल्फ काउंटी में खेले जारी 'तेलंगाना ओपन 2026' के पहले दिन चंडीगढ़ के अक्षय शर्मा और गुरुग्राम के मनु गंडास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात अंडर 65 का समान स्कोर बनाया। मंगलवार को एक साथ खेलते हुए, इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों ने अलग-अलग तरीकों से लीडरबोर्ड पर शीर्ष स्थान हासिल किया।
अक्षय ने पहले से चौथे होल तक लगातार चार बर्डी के साथ शानदार शुरुआत की। पांचवें होल (जो पार-5 था) पर एक बोगी ने कुछ समय के लिए उनकी लय रोकी, लेकिन उन्होंने चार और बर्डी लगाकर एक प्रभावशाली ओपनिंग राउंड पूरा किया।
दूसरी तरफ, मनु गंडास ने फ्रंट नाइन में दो बर्डी और एक बोगी बनाई और फिर बैक नाइन में एक ईगल और चार बर्डी के साथ शानदार खेल दिखाया। हैदराबाद के 19 वर्षीय विशेष शर्मा और दिल्ली के राशिद खान छह-अंडर 66 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे, जो लीडर्स से एक शॉट पीछे थे।