प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 'खेलो इंडिया संवाद' के तहत देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों से वर्चुअल संवाद किया। जम्मू-कश्मीर के युवाओं में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने भारत सरकार की सराहना करते हुए कहा कि पूरी दुनिया में हिंदुस्तान और यहां के युवाओं की प्रतिष्ठा बढ़ी है।
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा, "जब से प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यभार संभाला है, हमारी अधिकांश योजनाएं युवा-केंद्रित रही हैं। महिला, युवा, किसान, गरीब इन चार वर्गों को प्रधानमंत्री ने हमेशा प्राथमिकता दी है। जहां तक युवाओं का ताल्लुक है, न केवल युवाओं को प्रोत्साहन दिया गया, बल्कि एक बहुत बड़ा योगदान पीएम मोदी का रहा है, जिसकी अक्सर चर्चा कम होती है। वो ये कि उन्होंने हमें सरकारी नौकरी की मानसिकता से बाहर निकाला। उन्होंने हमें समझाया है कि रोजगार के अन्य जरिए भी हो सकते हैं। उदाहरण के तौर पर इस देश में स्टार्टअप्स की संख्या 2014 में मात्र 350 थी, आज बढ़कर 2 लाख 30 हजार हो गई।"
उन्होंने कहा, "इसी तरह से अनेकों ऐसी स्कीम है, जिनकी मदद से कोई अपना काम-धंधा शुरू कर सकता है। मेरे ख्याल से एक ऐसी योजना जो शायद परिवार में भी इस प्रकार का सहयोग प्राप्त नहीं होता। रेहड़ी वाले हमारे नौजवान, जिनकी कभी चिंता नहीं की गई थी, उनके लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुद्रा योजना के तहत भी अभी तक लगभग 38 लाख करोड़ रुपए वितरित हो चुके हैं और इसमें लगभग 60 प्रतिशत बेटियां हैं, महिलाएं हैं। इसी तरह अलग-अलग क्षेत्रों में युवाओं को प्रोत्साहन देने का कार्य इस सरकार में हुआ है और उनके लिए अनेकों विकल्प खुल गए हैं। जब पीएम मोदी 'विकसित भारत' की बात करते हैं तो यही वो युवा हैं, जो सन 2047 में जब आजाद हिंदुस्तान अपनी 100वीं सालगिरह मनाएगा तो ये अपनी उम्र और विशेषज्ञता के चरम पर रहेंगे। इसी के चलते आज देखने को मिलता है कि दुनिया में हिंदुस्तान की प्रतिष्ठा और हिंदुस्तान के युवाओं की प्रतिष्ठा पहले की तुलना में बहुत ज्यादा बढ़ गई है।"