भारत की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चाइना मास्टर्स का खिताब अपने नाम किया। खिताब जीतने के बाद भारतीय जोड़ी ने इसे एक 'बुरी किस्मत के सिलसिले' का अंत और एशियन गेम्स 2026 से पहले बड़ा बूस्ट बताया।
पिछले महीने नई दिल्ली में हुई बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक से चूकने वाली भारतीय जोड़ी ने फाइनल में चीन के जी तिंग और रेन शियांग यू को 11-21, 21-13, 21-17 से हराया। भारतीय जोड़ी इससे पहले दो बार चीनी खिताब जीतने के करीब पहुंची थी, लेकिन टीम को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, इस बार सात्विक और चिराग पहली बार इस खिताब को अपने नाम करने में सफल रहे। उन्होंने अपनी पिछली दो हारों को भी याद किया।
जीत के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सात्विक ने कहा, "यहां खेलना हमेशा अच्छा लगता है। हम हमेशा चोट से उबरने के बाद यहां खेले हैं। मुझे लगता है कि 2024 में ओलंपिक के बाद हम यहां खेले थे। हम सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। फिर पिछले साल हम खेले; हम अच्छी फॉर्म में नहीं थे, फिर भी फाइनल खेले। मुझे लगता है कि यह भी चोट से वापसी के बाद का टूर्नामेंट था, जिसने हमें बहुत आत्मविश्वास दिया।"