भारत के अभय सिंह को पीएसए प्लैटिनम स्तर के टूर्नामेंट एल गौना ओपन के दूसरे दौर में मिस्र के यूसुफ इब्राहिम के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इब्राहिम ने एक बार फिर अपने बाएं कंधे की चोट से जूझते हुए अभय को पांच गेम में 3-2 (68 मिनट में 7-11, 11-9, 9-11, 11-5, 11-8) से हराया।
इससे पहले, अभय ने पहले दिन पुरुषों के शुरुआती राउंड में मिस्र के वर्ल्ड नंबर 13 अली अबू एलेनिन को 9-11, 11-8, 3-11, 11-4, 11-8 से हराया था। वहीं, खेल के तीसरे दिन वर्ल्ड नंबर 4 करीम गवाद ने अपने हमवतन मिस्र के यूसुफ सोलिमन के साथ 109 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की। यह 2013 के बाद से पीसीए स्क्वैश टूर पर गवाद का सबसे लंबा मैच था। 34 साल के गवाद ने अपना संयम बनाए रखा और 1-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए वर्ल्ड नंबर 12 को 5-11, 14-12, 8-11, 11-8, 11-9 के स्कोर से हरा दिया।
इस बीच, विश्व के नंबर 2 खिलाड़ी पॉल कोल ने मलेशिया के नंबर एक खिलाड़ी ईन यो एनजी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 11-7, 11-2, 11-8 से जीत दर्ज की और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका अगला मुकाबला यूसुफ इब्राहिम से होगा।