आर्सेनल विमेन ने स्पेन की स्टार गोलकीपर मीसा रोड्रिगेज को रियल मैड्रिड के साथ उनका अनुबंध समाप्त होने के बाद परमानेंट ट्रांसफर पर अपनी टीम में शामिल कर लिया है। 27 वर्षीय मीसा अब नॉर्थ लंदन क्लब का हिस्सा होंगी। वह रियल मैड्रिड के साथ छह सफल सीजन बिताने के बाद आर्सेनल पहुंची हैं, जहां उन्होंने खुद को यूरोप की शीर्ष गोलकीपरों में शामिल किया और 2025-26 अभियान के दौरान टीम की कप्तानी भी की।
आर्सेनल में शामिल होने के बाद मीसा ने क्लब की आधिकारिक घोषणा में कहा, "दुनिया के शीर्ष क्लबों में शामिल आर्सेनल का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। मैं इस नई चुनौती के लिए उत्साहित हूं और समर्थकों के साथ मिलकर टीम को और अधिक ट्रॉफियां जिताने और क्लब के इतिहास में नए अध्याय जोड़ने की कोशिश करूंगी।
कैनरी आइलैंड्स के लास पाल्मास डे ग्रैन कैनरिया में जन्मी मीसा ने अपने फुटबॉल करियर की शुरुआत सीडी फेमरगुइन के साथ की थी। इसके बाद 2017 में वह एटलेटिको मैड्रिड से जुड़ीं। 2019-20 सीजन से पहले उन्होंने डेपोर्टिवो ला कोरुना का रुख किया, जहां उनके शानदार प्रदर्शन ने टीम को स्पेन की शीर्ष लीग में अपने पहले ही अभियान में चौथे स्थान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।