एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में रविवार को कप्तान हरमनप्रीत सिंह की 'हैट्रिक' की मदद से भारत ने मलेशिया को 4-2 से मात दी। यह टूर्नामेंट में भारत की लगातार चौथी जीत है। शानदार प्रदर्शन के लिए हरमनप्रीत को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
भारत अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। टीम ने चार मुकाबलों में 12 अंक और +21 गोल अंतर के साथ पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, मलेशिया नौ अंकों और +6 गोल अंतर के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। जापान सात अंकों के साथ तीसरे और साउथ कोरिया छह अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। इन चारों टीमों ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वहीं, चीन एक अंक के साथ और बांग्लादेश, जो अभी तक अपना खाता भी नहीं खोल पाया है, खिताबी दौड़ से बाहर हो चुके हैं। भारत सोमवार को अपना आखिरी लीग-स्टेज मैच साउथ कोरिया के खिलाफ खेलेगा।
जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय कप्तान (3', 33', 58') ने दो गोल पेनाल्टी कॉर्नर से किए, जबकि एक गोल पेनाल्टी स्ट्रोक के जरिए किया। टीम के लिए चौथा गोल सुखजीत सिंह (43') ने दागा। वहीं, मलेशिया की तरफ से अखिमुल्लाह अनवर (25') और शेलो सिल्वेरियस (60') ने गोल किए।