एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (पंजाब 2026) के सेमीफाइनल में, बुधवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने साउथ कोरिया के खिलाफ 8-1 से दमदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बनाई। बुधवार को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले गए मैच में शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह ने दो-दो गोल दागे। अब गुरुवार को फाइनल में भारत का सामना जापान से होगा।
शिलानंद लाकड़ा ने चौथे और 13वें मिनट में गोल किए, जबकि दिलप्रीत सिंह ने 21वें और 25वें मिनट में गोल दागे। इनके अलावा, हरमनप्रीत सिंह (9वें मिनट), सुखजीत सिंह (21वें मिनट), अंगद बीर सिंह (36वें मिनट) और विवेक सागर प्रसाद (54वें मिनट) ने भी एक-एक गोल किया। कोरिया के लिए एकमात्र गोल सांगजुन हान (9वें मिनट) ने दागा।
यह मोहाली स्टेडियम में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का पहला मैच था, जो दर्शकों के भारी उत्साह और शोर-शराबे के बीच खेला गया। पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम लीग चरण में अपने सभी पांच मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची थी। भारत ने उसी फॉर्म को नॉकआउट मुकाबले में भी बरकरार रखा।