Asian Games: एशियन गेम्स 2026 में मंगलवार को हुए 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में इलावेनिल वलारिवन और पार्थ राकेश माने चौथे स्थान पर रहे, जिससे भारत इस स्पर्धा में मेडल जीतने से चूक गया।
भारतीय जोड़ी ने चार टीमों के फाइनल में कुल 376.3 का स्कोर किया और चौथे स्थान पर रही। चीन की वांग जिफी और शेंग लिहाओ की जोड़ी ने 507.1 के वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता। वहीं, साउथ कोरिया के ह्योजिन बान और हाजुन पार्क (502.9) ने सिल्वर और जापान की मिसाकी नोबाता और नाओकी हानाकावा (439.7) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
भारतीय जोड़ी ने क्वालिफिकेशन राउंड में कुल 634.6 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। चीनी जोड़ी 638.9 के वर्ल्ड रिकॉर्ड टोटल के साथ क्वालिफिकेशन में टॉप पर रहकर फाइनल में पहुंची थी।साउथ कोरियाई टीम क्वालिफिकेशन में 633.2 के कुल स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर थी। जापानी जोड़ी फाइनल के लिए क्वालिफाई करने वाली चौथी टीम थी।