भारत के शेफ डी मिशन सहदेव यादव ने कहा कि जापान पहुंचने के बाद खिलाड़ियों के दल को रहने और आने-जाने में जो दिक्कतें आ रही थीं, उन्हें सुलझा लिया गया है। एशियन गेम्स 2026 की भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की है और देश की झोली में अब तक 6 मेडल आ चुके हैं।
भारतीय दल को शुरुआत में रहने और आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा था, लेकिन यादव ने कहा कि जैसे-जैसे प्रतियोगिता आगे बढ़ रही है, खिलाड़ियों के लिए जरूरी सुविधाओं का इंतजाम कर लिया गया है। सहदेव यादव ने 'आईएएनएस' से कहा, "हमें कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन हमने सब कुछ ठीक कर लिया है। हमने अपने स्तर पर कमरे बुक किए हैं और आने-जाने के लिए गाड़ी का इंतजाम भी कर रहे हैं। अब सब कुछ ठीक है। शुरुआत में कुछ दिक्कतें थीं। एथलेटिक्स टीम आज पहुंची है, तो देखते हैं आगे क्या होता है। अगर कोई दिक्कत हुई, तो हम आपको बता देंगे। अभी के लिए हमने सब कुछ ठीक कर लिया है।"
एशियन गेम्स के तीसरे दिन भारत को तीसरा मेडल पुरुष शूटिंग टीम ने दिलाया। 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारतीय शूटर्स ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके बाद सुचिका तारियाल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में देश को मेडल दिलाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं। सेमीफाइनल मैच हारने के बावजूद उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।