महाराष्ट्र चेस एसोसिएशन 16 से 26 अगस्त के बीच एशियन जूनियर चेस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन करेगा, जिसमें 10 देशों के 157 खिलाड़ी हिस्सा लेने जा रहे हैं। इनमें 6 इंटरनेशनल मास्टर्स, 24 फिडे मास्टर्स और महिला फिडे मास्टर्स शामिल हैं। इसकी घोषणा बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई, जिसे एमसीए के अध्यक्ष परिणय फुके, टूर्नामेंट डायरेक्टर निरंजन गोडबोले और आयोजन सचिव सलिल घाटे ने संबोधित किया।
एशिया के टॉप अंडर-20 टैलेंट वाले इस टूर्नामेंट में क्लासिकल स्विस फॉर्मेट के 9 राउंड के अलावा रैपिड और ब्लिट्ज के 7 राउंड भी होंगे। ऑल इंडिया चेस फेडरेशन, एशियन चेस फेडरेशन और फिडे की देखरेख में होने वाला यह टूर्नामेंट मुंबई के आईटीसी मराठा में खेला जाएगा।
यह देश के जूनियर्स के बीच सबसे पसंदीदा इवेंट्स में से एक है, जिसने विश्वनाथन आनंद, अभिजीत कुंटे, तेजस बाकरे (पुरुषों में) और तानिया सचदेव, कोनेरू हम्पी, इवाना फुरटाडो (महिलाओं में) जैसे मशहूर खिलाड़ियों को चैंपियन बनाया है।