एशियन पैरा गेम्स 2026 में पदक जीतकर जापान से लौटे पैरा-एथलीट्स नवदीप सिंह, अजीत यादव और दिलीप गावित का भारत पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा किए।
पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा की एफ40/एफ41 श्रेणी में कांस्य पदक जीतने वाले नवदीप सिंह ने भारत लौटने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पदक जीतने के बाद उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। साल के अंत में अब वह आराम करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने जापान में खेलों के आयोजन और प्रबंधन को भारत में होने वाली प्रतियोगिताओं से अलग बताया।
नवदीप ने कहा, "जापान में प्रबंधन थोड़ा अलग था। हमें एक अलग तरीके से खेलों में हिस्सा लेने की आदत है। आमतौर पर पूरा गेम्स विलेज होता है, लेकिन इस बार व्यवस्था काफी अलग थी। खिलाड़ियों के ठहरने और ट्रेनिंग के स्थान अलग-अलग थे। ट्रेनिंग के लिए रोजाना करीब 40 मिनट दूर जाना पड़ता था। होटल में जिम की सुविधा भी नहीं थी। इन परिस्थितियों को समझने में थोड़ा समय लगा।"