भारत की इंटरनेशनल पैरा-बैडमिंटन शटलर प्रेमा विश्वास ने एक भावनात्मक सार्वजनिक अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि जापान में होने वाले आईची-नागोया 2026 एशियन पैरा गेम्स के लिए उनकी आधिकारिक एंट्री में जानबूझकर देरी की गई और उन्हें जगह नहीं दी गई।
प्रेमा विश्वास ने सोशल मीडिया पर की गई अपील में इस मामले में पीएम मोदी से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। डब्ल्यूएच1 श्रेणी की एथलीट ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि एशियन एकल रैंकिंग 8 और महिला डबल्स में टॉप 6 रैंक होने के बावजूद, उनसे पहले कम रैंक वाली खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया।
प्रेमा ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, "मेरी एकल एशियन रैंकिंग 8 है और मैं महिला डबल्स में टॉप 6 में हूं। फिर भी आईची-नागोया 2026 एशियन पैरा गेम्स के लिए मेरी एंट्री शुरू में नहीं भेजी गई। जब इसे आखिरकार भेजा गया, तो इसमें इतनी देर हो गई कि अब इसे स्वीकार नहीं किया जा रहा है। इसमें मेरी क्या गलती है?"