महिलाओं की 4x100 मीटर रिले टीम ने 22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के आखिरी दिन सिल्वर मेडल अपने नाम किया। रविवार को काजल हीराभाई वाजा, भावना, आरती और निपम की टीम ने 45.05 सेकंड का समय दर्ज करते हुए पदक तालिका में भारत के लिए एक और मेडल जोड़ा।
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भारतीय टीम की तारीफ में लिखा, "हांगकांग, चीन में आयोजित 22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में सिल्वर जीतने पर काजल वाजा और पूरी भारतीय महिला 4x100 मीटर रिले टीम को हार्दिक बधाई। 45.05 सेकेंड का प्रभावशाली समय दर्ज किया और एक नया अंडर-20 नेशनल रिकॉर्ड बनाते हुए, हमारे युवा एथलीट्स ने अपने असाधारण दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता से भारत को गौरवान्वित किया है।"
उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत का खेल इकोसिस्टम नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जो हमारे युवाओं को वैश्विक मंचों पर चमकने के लिए सशक्त बना रहा है। सभी कोच, सहयोगी कर्मचारियों, एथलेटिक्स फेडरेशन, गुजरात खेल प्राधिकरण, जीएसएए, नाडियाड एथलेटिक्स अकादमी, डीएलएसएस सोमनाथ और इस उल्लेखनीय उपलब्धि में योगदान देने वाले हर व्यक्ति को बधाई। हमारे एथलीट्स को और भी अधिक सफलताओं और भारत के लिए निरंतर गौरव की कामना।"