चीन के ओर्डोस में आयोजित एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। मिडिल-डिस्टेंस धावकों शकील और भूमेश्वरी देवी हुइड्रोम ने 800 मीटर स्पर्धाओं में कांस्य जीतकर भारत का खाता खोला, जबकि स्प्रिंटर अभय सिंह ने पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में तीसरा कांस्य पदक दिलाया।
पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा में शकील ने 1 मिनट 48.78 सेकंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। भारत के ही विनोद कुमार बी भी फाइनल में उतरे, लेकिन 1 मिनट 49.10 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रह गए और पदक से मामूली अंतर से चूक गए।
महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में भूमेश्वरी देवी हुइड्रोम ने 2 मिनट 10.20 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में भारत की दूसरी धाविका वैष्णवी राजेंद्र रावल 2 मिनट 10.83 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। उज्बेकिस्तान की जॉनबीबी हुकमोव ने 2 मिनट 8.41 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जापान की कुरुमी सुगुरे ने रजत पदक अपने नाम किया।