एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन ज्ञानेश्वरी यादव ने भारत का नाम रोशन किया। महिलाओं की 53 किलोग्राम कैटेगरी में ज्ञानेश्वरी ने स्नैच में सिल्वर, जबकि ओवरऑल टोटल में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
यह चैंपियनशिप 11 मई से महात्मा मंदिर और प्रदर्शनी केंद्र में चल रही है, जिसमें 28 एशियाई देशों और दो कॉमनवेल्थ देशों के 178 एथलीट्स हिस्सा ले रहे हैं। यह इवेंट कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए क्वालिफिकेशन का रास्ता भी है, जिससे सभी कैटेगरी में मुकाबला और भी कड़ा हो गया है।
महिलाओं की 53 किलोग्राम कैटेगरी के कड़े मुकाबले में, चीन की जिनलान झाओ ने कुल 216 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। वियतनाम की होआई हुओंग गुयेन कुल 195 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भारत की ज्ञानेश्वरी यादव ने कुल 194 किलोग्राम वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।