ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय दल का प्रदर्शन शानदार रहा है। खासकर, मुक्केबाजों ने देश की झोली स्वर्ण पदकों से भर दी है। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि बॉक्सिंग में भारत का रिकॉर्ड तोड़ सात स्वर्ण पदक जीतना एथलीट-फर्स्ट अप्रोच का नतीजा है। एथलीटों को विश्व-स्तरीय सपोर्ट मिला है।
बीएफआई द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजय सिंह ने कहा, "हमारी सफलता की वजह एथलीट-फर्स्ट नीति और राजनीति को इससे जितना हो सके दूर रखने की कोशिश करना है। उन्हें अच्छा माहौल देना भारत की सफलता का मुख्य कारण रहा है। इसके अलावा, मुझे लगता है कि एथलीटों के अंदर सफलता की भूख है। वे वैश्विक मंचों पर अच्छा करने के लिए इतने उत्सुक हैं। यह उनकी कड़ी मेहनत, कोशिश और लगन है जो इसे मुमकिन बनाती है।"
उन्होंने कहा, "हमें उन्हें दुनिया की सबसे अच्छी चैंपियनशिप और सबसे अच्छी तैयारी देनी होगी जो हम उन्हें दे सकते हैं। किसी भी चीज की कमी नहीं होनी चाहिए। हमने टीम को, महिलाओं और पुरुषों दोनों को, भरोसा दिलाया है कि उनके पास दुनिया की हर चीज सबसे अच्छी होगा। उस सपोर्ट का नतीजा दिख रहा है।"