अर्जेंटीना के स्टार टेनिस खिलाड़ी सेबेस्टियन बाएज ने मंगलवार को 'जेनराली ओपन' के पहले दौर में मियोमिर केकमनोविच को मात दी। ऑस्ट्रिया के शहर किट्जबुहेल में जारी क्ले कोर्ट टूर्नामेंट में बाएज ने कड़े मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्बियाई खिलाड़ी को शिकस्त दूसरे दौर में जगह बनाई।
किट्जबुहेल में एटीपी 250 इवेंट में दो पूर्व चैंपियन के बीच हुए मुकाबले में, बाएज ने 6-3, 3-6, 6-4 से जीत दर्ज की। यह केकमनोविच के साथ उनके चार टूर-लेवल मुकाबलों में पहली जीत थी। एटीपी स्टैट्स के अनुसार, 2023 के चैंपियन बाएज को 13 ब्रेक प्वाइंट्स मिले, जिनमें से वे केवल तीन को ही भुना पाए, लेकिन फिर भी 1 घंटे 49 मिनट के बाद 2020 के चैंपियन केकमनोविच पर जीत हासिल करने में सफल रहे।
एटीपी रैंकिंग में पूर्व नंबर 18 खिलाड़ी बाएज ने कोर्ट पर दिए इंटरव्यू में कहा, "मुझे वापस आकर खुशी हो रही है, क्योंकि यह जगह बहुत पसंद है। मुझे यहां के लोग, भीड़, कोर्ट, शहर, सब कुछ पसंद है। हम एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते हैं। मुझे लगता है कि आज अहम बात यह थी कि प्रत्येक प्वाइंट पर डटे रहें और फोकस बनाए रखें, क्योंकि यहां ऊंचाई की वजह से कभी-कभी गेंद को कंट्रोल करना मुश्किल होता है। मुझे लगता है कि आज मैंने इसे बहुत अच्छे से संभाला, इसलिए मैं अगले दौर में पहुंचकर खुश हूं।"