भारत के युकी भांबरी और उनके स्वीडिश पार्टनर आंद्रे गारान्सन ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 मेंस डबल्स इवेंट के दूसरे राउंड में जगह बना ली है। भांबरी-गारान्सन की जोड़ी ने बुधवार को मेलबर्न में स्थानीय वाइल्ड कार्ड जेम्स डकवर्थ और क्रूज हेविट को 6-3, 6-4 से मात दी। 10वीं सीड वाली इंडो-स्वीडिश जोड़ी ने यह मुकाबला सिर्फ 57 मिनट में अपने नाम किया।
अब दूसरे राउंड में, भांबरी और गोरान्सन का मुकाबला या तो मैक्सिको के सैंटियागो गोंजालेज और नीदरलैंड के डेविड पेल या फिर ब्राजील की जोड़ी मार्सेलो मेलो और फर्नांडो रोम्बोली से होगा।
बुधवार को भांबरी और गोरान्सन ने शुरू से ही मैच पर दबदबा बनाए रखते हुए लगभग परफेक्ट सर्विस की। पहले सेट में, उन्होंने अपने पांच में से चार सर्विस गेम बिना कोई प्वाइंट गंवाए जीते। नौवें गेम में सिर्फ एक प्वाइंट गंवाया। डकवर्थ और हेविट के खिलाफ 8वें गेम में सिर्फ एक ब्रेक सेट को जीतने के लिए काफी था।