भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों को विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) की तरफ से प्रस्तावित नई स्कोरिंग प्रणाली के लिए पहले से तैयार करने के उद्देश्य से भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) जुलाई 2026 से अपने सभी घरेलू टूर्नामेंट्स में 3x15 स्कोरिंग प्रणाली लागू करेगा। इसकी शुरुआत 7 से 14 जुलाई तक एर्नाकुलम (केरल) में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट से होगी।
इस प्रणाली को जल्दी अपनाने का मकसद खिलाड़ियों, कोचों और तकनीकी अधिकारियों को इस बदले हुए फॉर्मेट का पर्याप्त प्रतिस्पर्धी अनुभव देना है, ताकि जनवरी 2027 से इंटरनेशनल स्टैंडर्ड बनने से पहले वे इसके आदी हो सकें।
बदले हुए नियमों के तहत, मैच 'बेस्ट-ऑफ-थ्री-गेम्स' और 'रैली-प्वाइंट' फॉर्मेट में ही खेले जाएंगे, लेकिन अब प्रत्येक गेम 21 के बजाय 15 प्वाइंट्स का होगा। 14-14 के स्कोर के बाद खिलाड़ी या जोड़ी को दो प्वाइंट्स के अंतर से जीतना होगा। प्रत्येक गेम की अधिकतम सीमा 21 प्वाइंट्स होगी, जहां 20-20 के स्कोर के बाद अगला प्वाइंट विजेता तय करेगा।