बोरूसिया डॉर्टमुंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलने वाले बायर्न म्यूनिख फुटबॉल क्लब को एक साथ दो खिलाड़ियों की चोट का सामना करना पड़ा है। इस्माइल सैबारी के दाहिने टखने में 'सिंडेस्मोटिक लिगामेंट' फट गया है, जिसके लिए उनकी सर्जरी हुई है। वहीं, सर्ज ग्नाब्री की बाईं जांघ की मांसपेशियों में चोट आई है।
बुंडेसलिगा चैंपियन ने रविवार को इन चोटों की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शनिवार को एलियांज एरिना में हुए मुकाबले के दौरान चोटिल होने के बाद सैबारी की सफल सर्जरी हुई है। दूसरी ओर, ग्नाब्री की बाईं जांघ के पिछले हिस्से की मांसपेशियों में चोट लगी है। मैच के पहले हाफ के दौरान ही दोनों खिलाड़ियों को मैदान से बाहर जाना पड़ा।
डॉर्टमुंड के गोलकीपर ग्रेगोर कोबेल के साथ हुई टक्कर के बाद सैबारी को ज्यादा गंभीर चोट लगी। बाद में, मोरक्को के इस अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को बैसाखियों के सहारे स्टेडियम से बाहर जाते देखा गया।