भारतीय सेना के एथलीट बिटेन सिंह ने रविवार को 'आयरनमैन 70.3 गोवा' के छठे संस्करण में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्होंने 4 घंटे 24 मिनट 29 सेकंड का समय निकालकर प्रतियोगिता जीती। इस शानदार प्रदर्शन के साथ बिटेन सिंह ने उज्बेकिस्तान के कॉन्स्टेंटिन बेलोउसोव द्वारा 2025 में बनाए गए 4:25:47 के पिछले कोर्स रिकॉर्ड को भी तोड़ा।
बिटेन सिंह का प्रदर्शन पिछले साल के विजेता की तुलना में 1 मिनट 18 सेकंड तेज रहा। भारत के प्रमुख एंड्योरेंस (सहनशक्ति) खेल आयोजनों में से एक में यह एक बड़ी उपलब्धि है।
30 देशों के 2,000 से अधिक ट्रायएथलीट्स ने इस चुनौतीपूर्ण कोर्स में हिस्सा लिया। इसमें प्रसिद्ध मिरामार बीच से शुरू होकर 1.9 किलोमीटर तैराकी, 90 किमी साइकिलिंग और 21.1 किलोमीटर दौड़ शामिल थी। इस छठे संस्करण ने एक बार फिर साबित किया कि गोवा अंतरराष्ट्रीय एंड्योरेंस खेलों के लिए एक बेहतरीन जगह है, जहां दुनिया भर के बेहतरीन खिलाड़ी, अलग-अलग आयु वर्ग के एथलीट और रिले टीमें एक साथ आती हैं।