मुक्केबाज हवा सिंह, जिन्होंने भिवानी को मिनी क्यूबा बनाने में अहम योगदान दिया (Image Source: IANS)
भारत के महानतम मुक्केबाजों में शुमार हवा सिंह श्योराण ने अपनी आक्रामक शैली, दमदार पंच और शानदार तकनीक से देश का नाम रोशन किया है। खेल के प्रति उनका समर्पण और अनुशासन आज भी युवा मुक्केबाजों को प्रेरणा देता है।
16 दिसंबर 1937 को हरियाणा स्थित भिवानी जिले के उमरवास गांव में जन्मे हवा सिंह बचपन से ही हमउम्र बच्चों की तुलना में उनसे काफी बलशाली थे। लंबी-चौड़ी कद-काठी वाले हवा सिंह 19 साल की उम्र में भारतीय सेना में शामिल हो गए। यह साल 1956 था।
सेना में शामिल होने के बाद हवा सिंह ने शौकिया तौर पर बॉक्सिंग शुरू कर दी, लेकिन इस खेल के प्रति उनकी दिलचस्पी बढ़ती गई। हवा सिंह चीजों को बेहद जल्द सीख लेते थे; इसी कारण वह जल्द एक शानदार बॉक्सर बन गए।