मेंस फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत साल 1930 में हुई थी, जिसके बाद से '22 बार' इसका आयोजन किया जा चुका है। द्वितीय विश्व युद्ध के चलते साल 1942 और 1946 में इसका आयोजन नहीं हो सका था। ब्राजील फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे सफल टीम है, जिसने अब तक के सभी 22 संस्करण के लिए क्वालीफाई किया है।
साल 1904 में फुटबॉल की अंतरराष्ट्रीय गवर्निंग बॉडी 'फीफा' (फेडरेशन इंटरनेशनेल डी फुटबॉल एसोसिएशन) को स्थापित किया गया था, जिसने साल 1920 में ओलंपिक में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन करवाया, जिसे इंटर-कॉन्टिनेंटल प्रतियोगिता के रूप में मान्यता दी गई। इसके 10 साल बाद पहली बार फीफा वर्ल्ड कप का आयोजन किया गया।
फीफा वर्ल्ड कप 1950 को नॉकआउट प्रारूप में नहीं खेला गया था। उस संस्करण में चैंपियन का फैसला चार टीमों के अंतिम राउंड-रॉबिन समूह से हुआ, जिसमें उरुग्वे शीर्ष पर रहकर विश्व विजेता बना। वहीं, 1974 और 1978 के वर्ल्ड कप में भी सेमीफाइनल का प्रावधान नहीं था। उन टूर्नामेंट्स में दूसरे समूह चरण के परिणामों के आधार पर टीमों ने सीधे फाइनल और तीसरे स्थान के मुकाबले के लिए क्वालीफाई किया था।