भारत ए ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अनौपचारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रनों से हराया। शम्स मुलानी का प्रदर्शन मुकाबले में शानदार रहा और उन्होंने दूसरी पारी में 3 और मैच में कुल 7 विकेट अपने नाम किए।
भारत से मिले 308 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए की पूरी टीम दूसरी पारी में 200 रन बनाकर ऑलआउट हुई। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कैंपबेल केलावे बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद सैम कोनस्टास भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 20 रन बनाकर आउट हुए। नाथन मैकस्वीनी अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 35 रन बनाकर अंशुल कंबोज का शिकार बने। वहीं, कप्तान पीटर हैंड्सकॉम्ब 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
जेसन संघा 23 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जोश फिलिप 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। लियाम स्कॉट को तुषार देशपांडे ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। फर्गस ओ'नील अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने टीम की ओर से सर्वाधिक 47 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया।