'केर्न्स कप चेस चैंपियनशिप 2026' में पूर्व वर्ल्ड रैपिड चैंपियन कोनेरू हम्पी, पूर्व महिला जूनियर वर्ल्ड चैंपियन दिव्या देशमुख और फिडे विमेंस वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 की चैलेंजर वैशाली रमेशबाबू जैसी दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। इस प्रतियोगिता का आयोजन 8 से 21 अगस्त के बीच सेंट लुइस चेस क्लब (एसटीएलसीसी) में होगी।
दुनिया के सबसे मजबूत महिला सुपर-टूर्नामेंट्स में से एक, केर्न्स कप इस गर्मी में सेंट लुइस लौट रहा है। इस प्रतियोगिता में दुनिया की 10 टॉप महिला चेस खिलाड़ी 2,50,000 यूएस डॉलर के प्राइज फंड के लिए मुकाबला करेंगी।
दुनिया के बेहतरीन चेस इवेंट्स में से एक यह चैंपियनशिप प्रतिष्ठित सिंकफील्ड कप के साथ-साथ आयोजित होगी। सिंकफील्ड कप की तरह ही, केर्न्स कप में भी 10 खिलाड़ियों वाला, 9 राउंड का क्लासिकल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट होगा, जिसे प्रोफेशनल चेस में सबसे मुश्किल टेस्ट्स में से एक माना जाता है। आयोजकों ने गुरुवार को जारी प्रेस रिलीज में बताया कि टूर्नामेंट का छठा एडिशन दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों की मेजबानी करने की सेंट लुइस की परंपरा को आगे बढ़ाएगा और साथ ही खेल में महिलाओं के लिए मौके भी बढ़ाएगा।