भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शनिवार को 'एशियन गेम्स 2026' में गोल्ड जीता। फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान के खिलाफ 37-34 से जीत हासिल की।
गोल्ड मेडल जीतने के बाद पिंकी रॉय ने 'आईएएनएस' से कहा, "जब हम भारत से जापान के लिए रवाना हुए थे, तो ठानकर आए थे कि गोल्ड मेडल ही जीतना है। हमने 2022 में भी गोल्ड मेडल हासिल किया था। साल 2026 में भी गोल्ड मेडल पर हमने ही अपना कब्जा किया। हम पांच महीने से कैंप कर रहे हैं। हमने इसके लिए कड़ी मेहनत की। ईरानी टीम ने भी काफी मेहनत की है, लेकिन हमारी मेहनत ज्यादा थी। यही वजह है कि आज हमारे हाथ में गोल्ड है। हमने पूल मुकाबले में ईरान पर 14 प्वाइंट्स से जीत हासिल की थी। फाइनल में उन्होंने वापसी की थी। एक समय मुकाबला काफी नजदीक था। स्कोर 26-27 का स्कोर हो गया था, लेकिन हमने वहां से वापसी की और आज हमारे हाथ में मेडल है।
उन्होंने अपना मेडल मां और बहन को समर्पित करते हुए कहा, "मैं अपनी मां को और दीदी को यह मेडल समर्पित करती हूं। मेरी मां साल 2017 में इस दुनिया को अलविदा कह गई थीं। वह मुझे इंडियन जर्सी में देखना चाहती थीं। यह मेरा पहला टूर था।"