भारत की अनाहत सिंह ने प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन (पीएसए) टूर पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलावर को इंग्लैंड की सारन न्घिएम के खिलाफ जीत हासिल की। इसी के साथ अनाहत 'कैनेडियन विमेंस ओपन' के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं।
टोरंटो में जारी प्रतियोगिता में 18 वर्षीय अनाहत ने 103,750 अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाले पीएसए सिल्वर-लेवल टूर्नामेंट के दूसरे दौर में वर्ल्ड 52 खिलाड़ी को 11-6, 4-11, 11-5, 11-7 से शिकस्त दी। छठी वरीयता प्राप्त अनाहत को पहले दौर में 'बाय' (सीधे अगले दौर में प्रवेश) मिला था।
वर्ल्ड नंबर-15 अनाहत ने आत्मविश्वास के साथ शुरुआत करते हुए पहला गेम 11-6 से जीता, लेकिन न्घिएम ने जोरदार वापसी करते हुए दूसरा गेम 11-4 से जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। तीसरे गेम में भारतीय खिलाड़ी ने फिर से खेल पर नियंत्रण बनाया और 11-5 से जीत दर्ज की। इसके बाद चौथे गेम में 11-7 से जीत हासिल कर उन्होंने मैच अपने नाम कर लिया।