इगा स्वियातेक ने कैनेडियन ओपन के अंतिम 16 में जगह बना ली है। सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने तीसरे राउंड के मुकाबले में विक्टोरिया गोलुबिक को शिकस्त दी और सिर्फ तीन गेम गंवाए।
2023 में कैनेडियन ओपन के सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वालीं पोलैंड की पूर्व वर्ल्ड नंबर एक खिलाड़ी ने गोलुबिक को 66 मिनट में 6-2, 6-1 से हराकर चौथे राउंड में जगह बनाई। गोलुबिक एकमात्र ऐसी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने स्वियातेक को किसी ग्रैंड स्लैम के पहले राउंड में हराया था। हालांकि, वह मुकाबला विंबलडन 2019 में खेला गया था और उस वक्त स्वियातेक सिर्फ 18 साल की थीं। तब से पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी गोलुबिक से किसी भी मैच में नहीं हारी हैं और पिछले दो मुकाबलों में उनके खिलाफ सिर्फ पांच गेम गंवाए हैं।
स्वियातेक ने कोर्ट पर दिए इंटरव्यू में कहा, "निश्चित रूप से यह एक अच्छा दिन था और जिस तरह से मैंने खेला, उससे मैं वाकई खुश हूं। भले ही पहला गेम बहुत आसान नहीं था, मुझे पता था कि मैं शुरुआत से फिर से खेल सकती हूं, और फिर चीजें मेरे पक्ष में रहीं और मुझे अपनी लय मिल गई।"