स्पेन के यूजेनियो चाकारा ने इटली के सिर्कोलो गोल्फ टोरिनो में खेले जा रहे 83वें ओपन डी'इटालिया के तीसरे राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए छह-अंडर 65 का कार्ड खेला और कुल 17-अंडर-पार के स्कोर के साथ दो शॉट की बढ़त हासिल कर ली। वह इस सीजन में अपना दूसरा डीपी वर्ल्ड टूर खिताब जीतने से केवल एक राउंड दूर हैं। चाकारा इससे पहले इस वर्ष केएलएम ओपन जीत चुके हैं। पिछले साल उन्होंने हीरो इंडियन ओपन का खिताब भी अपने नाम किया था।
तीसरे राउंड की शुरुआत चाकारा ने हाफवे लीडर जोकिन नीमन से चार शॉट पीछे रहते हुए की थी। पहले होल पर बर्डी के साथ शुरुआत करने वाले चाकारा ने सातवें, आठवें और नौवें होल पर भी बर्डी लगाकर फ्रंट नाइन 32 के स्कोर के साथ समाप्त किया। 13वें होल पर एकमात्र बोगी के बावजूद उन्होंने वापसी करते हुए अंतिम छह होल में तीन और बर्डी बनाईं और दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर दर्ज किया।
मैच के बाद चाकारा ने कहा कि तेज हवा और गर्म मौसम के कारण खेलना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने पूरे सप्ताह की तरह धैर्य बनाए रखा और केवल उन्हीं चीजों पर ध्यान दिया जो उनके नियंत्रण में थीं। वह अपने प्रतिद्वंद्वियों की बजाय अपने प्रदर्शन पर फोकस करते हैं। यदि वह दूसरे खिलाड़ियों के स्कोर के बारे में सोचने लगें तो अपना खेल प्रभावित कर बैठेंगे।