चेन्नई ओपन 2026 के तीसरे राउंड में अजितेश संधू ने बोगी-फ्री 4-अंडर 68 का शानदार कार्ड खेलकर अपनी बढ़त को मजबूत कर लिया। गुरुवार को टीएनजीएफ कॉस्मो गोल्फ कोर्स, चेन्नई में खेले गए राउंड के बाद वह कुल तीन शॉट की बढ़त के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। यह टूर्नामेंट 1 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि वाला आयोजन है।
चंडीगढ़ के 37 वर्षीय गोल्फर (65-66-68) ने दिन की शुरुआत दो-स्ट्रोक की बढ़त के साथ की थी। अजितेश ने चार 'बर्डी' के साथ एक शानदार राउंड खेला और फाइनल राउंड से पहले '17-अंडर 199' के स्कोर पर पहुंच गए।
कोलकाता के विराज मडप्पा (72-67-63) ने दिन का सबसे कम स्कोर – 'नाइन-अंडर 63' – बनाया और संयुक्त 11वें स्थान से नौ पायदान ऊपर चढ़कर '14-अंडर 202' के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर आ गए। दो बार पीजीटीआई विजेता और पूर्व एशियन टूर चैंपियन रहे 28 वर्षीय खिलाड़ी ने आज के राउंड में 'पार-फोर' छठे होल पर एक 'ईगल', आठ 'बर्डी' और एक 'बोगी' लगाई।