चेन्नई ओपन: सन्धु और डनेक ने शुरुआती राउंड में 65 का स्कोर करके संयुक्त बढ़त बनाई (चेन्नई ओपन: सन्धु और डनेक ने शुरुआती राउंड में 65 का स्कोर करके संयुक्त बढ़त बनाई)
टीएनजीएफ कॉस्मो गोल्फ कोर्स में 1 करोड़ रुपए इनामी राशि वाले 'चेन्नई ओपन 2026' के पहले राउंड में मंगलवार को अजितेश संधू और चेक गणराज्य के स्टेपन डनेक ने सात-अंडर 65 का स्कोर करके संयुक्त बढ़त बनाई।
चंडीगढ़ के 37 वर्षीय पूर्व एशियन टूर विजेता सन्धु ने शुरुआती बढ़त बनाने के लिए 8 बर्डी लगाईं और केवल एक बोगी (पार-फोर 12वें होल पर) की। पीजीटीआई में 5 बार के विजेता सन्धु ने कोर्स पर स्कोर करने के मौकों का पूरा फायदा उठाया और 16वें और 18वें होल पर बर्डी के साथ शानदार समापन किया, जबकि दोनों ही होल पर उनकी गेंद ग्रीन के पास बने बंकर में चली गई थी।
रातभर हुई बारिश के बाद 'प्रेफर्ड लाइज' (गेंद को बेहतर स्थिति में रखने की छूट) का नियम लागू था। सन्धु ने चेन्नई की उमस भरी परिस्थितियों से निपटने के लिए एशियन टूर पर खेलने के अपने अनुभव का भी सहारा लिया।