इंग्लैंड ने फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है, लेकिन टीम के मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने साफ कहा कि जीत तो अच्छी रही, लेकिन टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
कोच के अनुसार, इंग्लैंड ने कई गलतियां कीं और जीत में किस्मत का भी बड़ा साथ मिला। मैच की शुरुआत में नॉर्वे ने शानदार खेल दिखाया। पहले हाफ में एंड्रियास शेल्डरुप ने गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, इंग्लैंड के स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंगहम ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में शानदार गोल करते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद बेलिंगहम ने अतिरिक्त समय में एक और शानदार गोल करते हुए इंग्लैंड को सेमीफाइनल का टिकट दिलाया। इंग्लैंड ने चौथी बार विश्व कप के अंतिम चार में जगह बनाई है।
मैच के बाद ट्यूशेल ने कहा कि टीम ने खुद ही अपने लिए मुश्किलें पैदा कीं। उन्होंने कहा, "सेमीफाइनल में पहुंचना बड़ी उपलब्धि है और इसका जश्न मनाया जाना चाहिए, लेकिन मैं हमारे प्रदर्शन से बिल्कुल खुश नहीं हूं। खिलाड़ियों में मेहनत और जज्बे की कमी नहीं थी, लेकिन हमने कई तकनीकी गलतियां कीं। हमारा खेल काफी धीमा था और हम पूरे मैच में लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके।"