भारत के अंकुश पंघाल ने शुक्रवार को ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुष बॉक्सिंग के 80 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में कनाडा के जोशुआ ओफोरी को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। अंकुश की जीत के साथ ही भारत के लिए कम से कम एक रजत पदक और पक्का हो गया है।
अंकुश पंघाल ने पूरे मुकाबले में नियंत्रण, सटीकता और धैर्य दिखाते हुए अपना दबदबा बनाया और इस कैंपेन में लगातार तीसरी बार सर्वसम्मति से जीत हासिल की। भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआती घंटी से ही लय बना ली। उनके सीधे पंच और दमदार हुक हर बार निशाने पर लगे। उनके तेज मूवमेंट और साफ कॉम्बिनेशन ने ओफोरी को मुकाबले में जमने में मुश्किलें खड़ी कीं। पंघाल ने पहला राउंड सर्वसम्मति से जीत लिया।
दूसरे राउंड में अंकुश ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। उन्होंने सटीक राइट हुक के साथ तेज कॉम्बिनेशन लगाए और डिफेंसिव डिसिप्लिन बनाए रखते हुए राउंड जीत लिया।