कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के महिला वर्ग के फाइनल में भारत का मुकाबला युगांडा से होगा। शुक्रवार को अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज करके दोनों टीमों ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 39-14 से करारी शिकस्त दी, जबकि युगांडा की महिला टीम ने केन्या को 23-21 से हराया। यह मुकाबला आखिरी मिनट तक काफी रोमांचक रहा। अब 31 अक्टूबर को फाइनल में ये दोनों टीमें फिर से भिड़ेंगी। इससे पहले ग्रुप स्टेज में भी इनका मुकाबला हुआ था, जिसमें भारत ने 41-18 से जीत हासिल की थी।
युगांडा ने केन्या को 23-21 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। युगांडा की ओर से नकायोंगो शिरात और नालवोगो नाहिया ने 8-8 अंक हासिल किए। नाहिया ने बेंच से उतरकर दूसरे हाफ में अपने सभी अंक जुटाए। कप्तान नालुबेगा ओलिविया ने 3 टैकल प्वाइंट हासिल किए।युगांडा ने 17 रेड प्वाइंट 4 टैकल प्वाइंट लिए, साथ ही एक ऑलआउट भी किया। केन्या के लिए लावेंडा ओधियाम्बो ने 25 रेड में 16 प्वाइंट (जिसमें 6 बोनस प्वाइंट शामिल हैं) बनाए, जबकि लिजिएन ओविनो ने 2 टैकल प्वाइंट जोड़े।