अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेली गई कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में शुक्रवार को भारतीय पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 56-27 से हराया।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। पुरुषों के फाइनल में 31 अक्टूबर को भारत का मुकाबला श्रीलंका से होगा। श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में केन्या को कड़े मुकाबले में 28-24 से हराया। पुरुषों के फाइनल में भारत ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बना लिया। नवीन कुमार और नीरज नरवाल ने रेडिंग की कमान संभाली, जबकि दीपक एस और शुभम शिंदे ने डिफेंस को मजबूती दी। बांग्लादेश के लिए दिपायोन गोल्डर ने सफल रेड के साथ खाता खोला, लेकिन भारत ने जल्द ही खेल पर नियंत्रण कर लिया और शुरुआती पांच मिनट के भीतर ही पहला ऑलआउट कर दिया।
भरत हुड्डा और शिवम पटारे ने रेडिंग की जिम्मेदारी संभाली और भारत की बढ़त को और बढ़ाया, जबकि दीपक एस ने डिफेंस में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। पहले हाफ में आठ मिनट शेष रहते भारत ने दूसरा ऑलआउट किया और 28-8 की मजबूत बढ़त के साथ ब्रेक में गया। बांग्लादेश की टीम संघर्ष करती दिखी, वह पहले हाफ में एक भी टैकल प्वाइंट नहीं ले पाए, जबकि दिपायोन गोल्डर और मोहम्मद रहमान ने रेड के जरिए टीम के लिए कुछ अंक जुटाए।