विंबलडन 2026 की शुरुआत 29 जून से होगी, जिसमें सर्बियाई खिलाड़ी नोवाक जोकोविच टेनिस इतिहास का एक और पन्ना पलटने की तैयारी कर रहे हैं। भारतीय टेनिस दिग्गज विजय अमृतराज का मानना है कि जोकोविच की सबसे बड़ी ताकत उनके रिकॉर्ड-तोड़ कारनामे नहीं, बल्कि महानता की नई ऊंचाइयों को छूने की कभी न खत्म होने वाली चाहत है।
अमृतराज ने जोकोविच के 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की ओर बढ़ने को टूर्नामेंट की सबसे बड़ी कहानी बताया, साथ ही उन्होंने यानिक सिनर और कार्लोस अल्काराज की अगुवाई वाली अगली पीढ़ी पर भी अपनी राय रखी। अमृतराज मानते हैं कि खेल में लगभग सभी बड़े खिताब जीतने के बाद भी जोकोविच की लगातार बनी हुई भूख ही उन्हें सबसे अलग बनाती है।
अमृतराज ने विंबलडन 2026 से पहले जियोस्टार मीडिया डे के दौरान 'आईएएनएस' से कहा, "आप बिल्कुल सही कह रहे हैं, सबसे पहले हमें नोवाक जोकोविच के बारे में बात करनी चाहिए। इतना कुछ जीतने के बाद भी इस खिलाड़ी को हर चीज हासिल करने के लिए क्या चीज प्रेरित करती है? उन्होंने इतिहास में किसी भी अन्य बड़े टूर्नामेंट के मुकाबले सबसे ज्यादा सिंगल्स खिताब जीते हैं। कोई भी उनका रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाएगा, खासकर मेरे जीवनकाल में तो बिल्कुल नहीं। इसलिए मुझे लगता है कि वह 25वें खिताब के लिए सिर्फ अपने जुनून और कड़ी मेहनत करने की इच्छा की वजह से आगे बढ़ रहे हैं।"